कन्या भ्रूण

 

मैं परिवार के आँगन की
वह नन्हीं सी कली हूँ
जो खिलने से पहले ही
बिखर जाती है उलाहना के थपेड़ों में
त्याग और सहनशीलता की बुनियाद पर

मैंने ही इतिहास में पैदा किए
राम, कृष्ण, गौतम, गांधी
किन्तु; सती, साध्वी, सीता, सावित्री-
ज्ञानदायिनी, शक्तिस्वरूपा होकर भी
दुःख के पतझड़ में मुस्कराती मैं,
तमाम अग्निपरीक्षाओं से गुजरने के बावजूद
आज अपने ही देश में पैदा होने से डरती हूँ

आखिर मेरा कसूर क्या है?
क्यों गर्भ में ही घोंट दिया जाता है मेरा गला?
चलो मान लिया तुम्हारी(बेटों की)
चाहत के लिए ये भी सही!
मैं भले ही हो जाऊं पराई
पर आप तो मेरे अपने हैं-
माँ, बाप, भाई, कुटुंब!
क्या एक सवाल का जवाब दोगे?

अगर मैं नहीं तो फिर कौन-
बांधेगा कलाई पर राखी,
बनाएगा तुम्हें पिता
किसे ब्याहकर लाओगे
किसकी धडकनों में समाओगे
कहाँ से पाओगे- प्रेम, दया, करुणा, ममता
और आँचल की शीतल छांह !
किसकी छाती निचोड़कर बनोगे बज्र सा
जबकि सुना है जैविक माताएं दूध नहीं देतीं!

पुनश्च,
सिर्फ सवाल पूछा है
कोई खज़ाना तो नहीं माँगा
समय ले लेना पर जवाब जरूर देना
प्रतीक्षा में आपकी कन्याभ्रूण!
पता- बदनसीब माँ, अजन्मा गर्भ, देवभूमि भारत!!

 

- मनोज कृष्ण

 

मनोज कृष्णा जी मीडिया और मनोरंजन के विभिन्न क्षेत्र में दस साल से अधिक का अनुभव रखते हैं | वे टीवी शो, सीरियल और फिल्म के लिए मुंबई के स्वत्रंत स्क्रिप्ट लेखन में सक्रिय हैं |

वर्तमान में वे सॉफ्ट ड्रीम फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड में लेखक हैं |

 मुंबई में: मनोज ने २०१० से २०१२ के बीच में काफी सारे कार्यक्रम में सफल योगदान दिए हैं | उनमें से कुछ चुनिन्दा नाम हैं ; क्राइम पेट्रोल, अखियों के झरोखों से, रुक जाना नहीं, हम हैं बजरंगी, लापता गंज, डिटेक्टिव देव, आदि |

2007 के बाद से अप्रैल २०१०: प्रज्ञा टीवी (फिल्म सिटी नोएडा) के साथ सह निर्माता और वरिष्ठ पटकथा लेखक | प्रोमो लेखन में विशेषज्ञता, जिंगल्स / संवाद स्क्रीन प्ले, वृत्तचित्र, विसुअलिज़िंग, विचारों और गल्प स्क्रिप्टिंग का विकास.
वृत्तचित्र कार्यक्रमों आधारित: भारत के तीर्थ, उत्सव, गुरुकुल, यात्राक |

 २००१ से २००७ : इस दौरान मनोज की प्रिंट मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका रही; लोकायत, सीनियर इंडिया, महामेधा, न्यूज़ ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया, माया, यूनाइटेड भारत, जनमुख, आदि |

 व्यावसायिक योग्यता: M.J.M.C. महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) से

शैक्षणिक योग्यता: एम.ए. (हिन्दी), C.S.J.M. विश्वविद्यालय. कानपुर

Leave a Reply